नौ नवंबर एक और वर्षगाँठ है.इस साल नौ नवंबर को अयोध्या में रामजन्मभूमि मंदिर के शिलान्यास के पचीस साल हो जाएँगे.यह मात्र एक मंदिर का नहीं,हिंदू राष्ट्र का शिलान्यास है,अशोक सिंघल ने शिलान्यास के बाद कहा था.1989 कई दृष्टियों से घटनापूर्ण वर्ष था.यूरोप में बर्लिन की दीवार का दरवाज़ा नौ नवंबर को ही खोल दिया गया जिससे पूर्वी और पश्चिमी जर्मनी के लोग आसानी से आ-जा सकें.यह बर्लिन की दीवार के ढहने की शुरुआत थी.राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्थक जय दुबांशी ने लिखा,“इधर एक मंदिर खड़ा हो रहा था और उधर एक मंदिर ढह रहा था.” सिंघल और दुबांशी के वक्तव्यों में रामजन्म भूमि मंदिर अभियान के राजनीतिक प्रोजेक्ट को लेकर कोई दुविधा नहीं.यह एक दक्षिणपंथी,राष्ट्रवादी राजनीतिक परियोजना थी जो भारत में बहुसंख्यक हिन्दूवाद को संगठित किए बिना फल-फूल नहीं सकती थी.
1989 के अक्टूबर के अंत में ही भागलपुर में भारत की एक और भयानक साम्प्रदायिक हिंसा हुई.यह भी याद रखने की ज़रूरत है कि प्रधान मंत्री राजीव गाँधी ने भागलपुर पहुँचकर जब लापरवाही और हिंसा को जारी रखने के आरोप के कारण वहाँ के पुलिस उपाधीक्षक को निलंबित किया तो स्वयं पुलिस ने विद्रोह कर दिया और उनका घेराव कर लिया.यह घटना तत्कालीन भारत में सांप्रदायिक मानस के आक्रामक होने की सूचना देती है और प्रशासन की हर स्तर पर उसमें भागीदारी का एक प्रमाण भी है.भागलपुर की सांप्रदायिक हिंसा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भागीदारी के साफ प्रमाण हैं.याद रखने की ज़रूरत है कि यह रामशिला पूजन के समय ही भड़की हिंसा थी.न भूलें कि संघ ने दो सौ हिंदू छात्रों के मारे जाने और छात्राओं के बलात्कार की अफवाह फैलाई थी जिससे उनके गाँव में हिंसा भड़काने में आसानी हुई.भागलपुर में अफवाहों के जरिए लोगों को भड़काकर मुस्लिम-विरोधी हिंसा भड़काने के संघ के तरीके को याद इसलिए रखना ज़रूरी है कि मुज़फ्फ़रनगर के गाँवों में फैली मुस्लिम विरोधी हिंसा को समझने में वह मददगार है.इसलिए भी कि कई विद्वानों ने मुज़फ्फ़रनगर को इस वजह से विलक्षण माना था कि यहाँ ग्रामीण क्षेत्र हिंसा में शामिल हुए. ऐसा करते वक्त वे भागलपुर को भूल ही गए थे. Continue reading नौ नवंबर:एक और वर्षगाँठ
